इटावा। शनिवार और रविवार को शहर के 14 केंद्रों पर 28,704 अभ्यर्थी पीईटी देंगे। परीक्षा को देखते हुए जिले के सभी कोचिंग सेंटर बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। डीआईओएस ने बताया कि यदि कोई कोचिंग सेंटर खुला मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से होगी। साढ़े नौ बजे मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा। यही स्थिति शाम की पाली में भी रहेगी। तीन बजे से परीक्षा होगी। शुक्रवार को डीएम अवनीश राय, एसएसपी जयप्रकाश सिंह और एडीएम जयप्रकाश ने जीजीआईसी, इस्लामिया इंटर कॉलेज और सनातन धर्म इंटर कॉलेज में बने केंद्र पर परीक्षा की तैयारियां देखीं।
परीक्षा के लिए 700 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं पेपरों को कोषागार से केंद्र और परीक्षा के बाद केंद्र से कोषागार तक पहुंचाने के लिए पांच सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती गई है। हर केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट को भी तैनात किया गया है।
500 से अधिक संख्या वाले सात केंद्रों पर एक-एक अतिरिक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। सभी कक्षों में सीसीटीवी लगवाए गए हैं। डीआईओएस राजू राणा ने बताया कि परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मोबाइल और घड़ी ले जाने पर रोक रहेगी।
एक सेंटर पर एक दरोगा और चार सिपाही रहेंगे
एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में बैठक की। इसमें नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए हर सेंटर पर एक दरोगा, चार सिपाही तैनात करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि शहर के अन्य चौराहों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के पास भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।