इटावा।
शहर में शनिवार की सुबह आठ बजे शुरू हुई तेज बारिश की वजह से लोगों की दिनचर्या गड़बड़ाने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। ऐसे में बच्चों को व कार्यालय व काम धंधे पर निकलने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कुछ देर बाद बारिश बंद होने से लोगाें ने राहत की सांस ली। जबकि बारिश की वजह से शहर के मोहल्ला घटिया अजमत अली में रज्जन कश्यप के मकान के अंदर करीब दो फीट पानी भरने से उनके लोगों की परेशानी बढ़ गई। पीड़ित रज्जन ने बताया कि एक दिन पूर्व हुई बारिश की वजह घर के सामने ईंटों की दीवार उनके घर के दरवाजे पर गिर पड़ी थी। जिससे सारा मलबा गली में गिरने से घर से बाहर तक नहीं निकल सके। सभासद की सूचना पर नगर पालिका कर्मी आए लेकिन पूरा मलबा नहीं उठने की वजह से शनिवार की सुबह हुई बारिश का पानी घर के अंदर कमरे में भर गया।
बारिश से मैनपुरी अंडरपास में भी जलभराव होने पर पालिका कर्मियों ने दोनों ओर बैरिकेडिंग करा दी थी। इस वजह से कोई वाहन अंडरपास से नहीं गुजरा और किसी वाहन के फंसने जैसी कोई घटना सामने नहीं आई। कुछ देर बाद सफाई नायक मुस्ते हसन ने पालिका कर्मियों को लगाकर पानी निकलवाकर उसे साफ कराया। इसके बाद दोनों ओर से अंडरपास से वाहनों का आवागमन शुरू हो गया।