इटावा। चुनाव आचार संहिता लागू होने के साथ पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिला और तहसील मुख्यालयों से लेकर कस्बों के चौराहों, तिराहों तक पुलिस ने चेकिंग अभियान शुरू कराया। डीएम व एसएसपी ने बीयर व शराब के ठेकों को चेक किया। शहर की एक बियर शॉप में बियर पीते लोग मिलने पर एसएसपी ने आबकारी अधिकारी को विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
आचार संहिता लागू होने के बाद रविवार को तीनों विधानसभा क्षेत्रों में चेकिंग अभियान शुरू किया गया। पुलिस हर संदिग्ध वाहन और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। शनिवार रात डीएम अवनीश राय, एसएसपी संजय कुमार वर्मा व आबकारी अधिकारी ने डीएम चौराहा से लेकर स्टेशन बजरिया, शास्त्री चौराहा, एसएसपी चौराहा, मोतीझील चौराहा से आरटीओ तिराहा होते हुए लुहन्ना चौराहा तक के बियर व शराब के ठेकों को चेक किया। ईदगाह चौराहा पर बियर शॉप के अंदर लोग बियर पीते मिले। डीएम व एसएसपी ने आबकारी अधिकारी को विक्रेता की जमानत राशि जब्त करने के आदेश दिए। आबकारी अधिकारी विजय पाल सिंह ने बताया बीयर विक्रेता के खिलाफ डीएम को पत्राचार कराकर जमानत राशि जब्त की जाएगी।