इटावा। बिना रॉयल्टी मौरंग, डस्ट और गिट्टी भरकर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ एसडीएम और खनन विभाग की टीम ने अभियान चलाया। खनन टीम ने 17 वाहनों पर कार्रवाई की है। करीब छह लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। एसडीएम ने मानिकपुर मोड़ पर एक ट्रक सीज कर दिया।
शुक्रवार देर रात खनन अधिकारी प्रदीप राज ने टीम के साथ बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर भरथना कट पर चेकिंग की। यहां ओवरलोड और बिना रॉयल्टी चल रहे 10 वाहनों को पकड़ा।
कानपुर-आगरा हाईवे पर बकेवर के पास और ग्वालियर बाईपास पर सात ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की। सूचना पर कई वाहन मध्यप्रदेश सीमा पर ही रुक गए। खनन अधिकारी ने बताया कि राजस्व का नुकसान करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं शनिवार दोपहर मानिकपुर बाईपास पर एसडीएम सदर विक्रम राघव और नायाब तहसीलदार संदीप सिंह ने चेकिंग की। एक ट्रक ओवरलोड मिलने पर सीज कर दिया गया।
एआरटीओ बृजेश यादव ने शनिवार को शहर में चेकिंग अभियान चलाया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 20 छोटे वाहनों के चालान किए। वहीं ओवरलोड पर एक ट्रक को सीज किया गया। दो ट्रकों का चालान भी किया गया है। टीम ने करीब 2.35 लाख का जुर्माना वसूला है।