इटावा। करवाचौथ मनाए जाने को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में महिलाएं वनरेज साडिय़ों और लांछा की खरीदारी कर रही हैं। दुकानों पर महिलाओं की बढ़ती संख्या को देखकर कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। बारिश भरे मौसम में दुकानदार खरीदारी के लिए महिलाओं के कम आने की चिंता में थे, लेकिन एक साथ कई महिलाओं के दुकान में आने से उनकी यह चिंताएं दूर होती जा रही हैं।
राजागंज चौराहा स्थित साड़ी विक्रेता प्रबल कुमार ने बताया कि कारोबार अच्छा चल रहा है। बारिश के मौसम में कारोबार को लेकर जो चिंता थी, महिला खरीदारों के आने से दूर हो गई है। करवाचौथ पर वह वनरेज साडिय़ों व लांछा ज्यादा खरीद रही हैं।
सिल्क, बनारसी, सिफॉन व जार्जेट, वनरेज की तीन से लेकर सात हजार तक की साडिय़ां हैं। सिफॉन व वनरेज साड़ी महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई है। पहली बार करवाचौथ का व्रत रखने वाली नव विवाहिताओं को लांछा खूब भा रहा है। ढाई से लेकर दस हजार रुपये की कीमत का लांछा उपलब्ध है।
बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा करवाचौथ
कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को करवाचौथ मनाया जाता है। इस दिन सुहागिनें अपने पतियों की दीर्घायु की कामना करते हुए बिना अन्न पीये, व्रत रखतीं हैं। रात में चांद का दीदार कर अघ्र्य देकर व्रत पूरा करतीं हैं। इस बार करवाचौथ 13 अक्तूबर को मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य राजीव अग्रवाल ने बताया 12 अक्तूबर को मध्य रात्रि1:59 बजे से चतुर्थी तिथि शुरू हो जाएगी और 13 अक्तूबर को मध्य रात्रि 3:08 बजे तक चतुर्थी तिथि रहेगी। ऐसी स्थिति में 13 अक्तूबर को व्रत करना शास्त्र सम्मत होगा, इसमें लेश मात्र भी संशय नहीं है।