इटावा/इकदिल। चार माह पहले ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से हुई लूट के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 20 हजार रुपये का इनाम था। उसके पास से नकदी, तमंचा और कारतूस मिले हैं। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
इकदिल थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी दयाराम ने 15 दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि वह बेटे के साथ ग्राहक सेवा केंद्र बंद करके घर जा रहे थे। रास्ते में तीन बदमाशों ने दोनों को तमंचा दिखाकर पांच लाख पच्चीस हजार रुपये और कुछ जरूरी कागज लूट लिए थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। सूचना मिली कि लूट का दूसरा आरोपी मानिकपुर मोड़ तिराहे पर कहीं जाने की फिराक में घूम रहा है।
टीम ने मानिकपुर मोड़ से आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने नाम अभिषेक उर्फ टाइगर (23) निवासी ग्राम पुरा वसान थाना पछायगांव हाल पता अजीत नगर थाना फ्रेड्स कालोनी बताया। तलाशी में उसके पास से 20 हजार रुपये मिले हैं। एसएसपी संजय कुमार ने बताया कि लुटेरे के खिलाफ लूट, चोरी और गैंगस्टर समेत कई गंभीर धाराओं में 11 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। शिवम कश्यप फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
साइबर टीम ने वापस कराए 24 हजार रुपये
इटावा। मोहल्ला चौगुर्जी निवासी मुकेश पांडे के खाते से किसी ने एक लाख 13 हजार रुपये पार कर दिए थे। उन्होंने इसकी शिकायत एसएसपी से की थी। एसएसपी संजय कुमार ने साइबर सेल को जांच सौंपी थी। बैंक अधिकारी व गेटवे के नोडल अधिकारी से बात कर रुपये वापस कराने के प्रयास शुरू किए। जिसमें टीम को सफलता मिली। टीम ने 24 हजार रुपये वापस करा दिए। (संवाद)