इटावा। आयुष्मान कार्ड बनाने का काम अब पंचायत सहायकों को सौंपा गया है। इस कार्य में वह पर्याप्त रुचि नहीं ले रहे हैं। अब ऐसे सहायकों पर विभागीय कार्रवाई का डंडा चलने लगा है। जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह ने शून्य प्रगति मिलने पर 411 सहायकों का शुक्रवार का मानदेय काट दिया है।
शुक्रवार के कार्य की समीक्षा के दौरान जिले के 411 पंचायत सहायक ऐसे मिले जिनकी प्रगति शून्य थी। जबकि हर पंचायत सहायक को प्रतिदिन दस आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया है। फिर भी इन्होंने लापरवाही बरती। उधर सीडीओ संतोष कुमार राय ने आयुष्मान कार्ड न बनाने वाले अलग-अलग स्थानों पर संचालित 5 जनसेवा केंद्रों की आईडी बंद कर दी गई है। विभागीय कार्रवाई से हड़कंप मचा है।
जिन जन सेवा केंद्र के संचालकों की आईडी बंद की गई है उनके नाम अंकुश जैन, राहुल कुमार, कुलदीप सिंह, आलोक नाथ त्रिपाठी तथा शिवेंद्र हैं। उनके स्थान पर अन्य सीएससी केंद्र संचालकों को नामित करने के निर्देश दिए हैं। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 7,74,168 लाभार्थियों के सापेक्ष 1,74,847 लाभार्थियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। शेष 5,99,321 लाभार्थियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड से 30 सितंबर तक विशेष अभियान आयुष्मान पखवाड़ा के अंतर्गत बनाए जाने हैं। तीन दिन में 3000 कार्ड भी नहीं बन सके हैं।