इटावा। चार माह पहले ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से लूटपाट करने के मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो फरार साथियों की तलाश की जा रही है। आरोपी के पास से पुलिस ने नकदी, एटीएम और आधार कार्ड बरामद किया है।
इकदिल थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी दयाराम ने 15 दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि वह बेटे के साथ ग्राहक सेवा केंद्र बंद करके घर जा रहे थे। रास्ते में तीन बदमाशों ने दोनों को तमंचा दिखाकर पांच लाख पच्चीस हजार रुपये और कुछ जरूरी कागज
लूट लिए थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। शनिवार रात कृपालपुरा गांव के पास संदिग्ध युवक के खड़े होने जानकारी मिली। इस पर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कपिल उर्फ गइया (25) निवासी ग्राम कथगवां थाना इकदिल बताया है। तलाशी में 52 हजार रुपये, पैन कार्ड, बाइक, तमंचा और कारतूस भी मिले हैं। एसएसपी संजय कुमार ने रविवार को घटना का खुलासा किया। लुटेरे के खिलाफ आठ मुकदमे पहले से दर्ज हैं। उसके दो साथी अभिषेक उर्फ टाइगर और शिवम फरार हैं।