निबाड़ीकला। यूपी बोर्ड की समय सारिणी जारी होने के बाद परीक्षार्थियों ने तैयारी और तेज कर दी है। इस बार 73 केंद्रों पर 46,688 छात्र परीक्षा देंगे।
यूपी बोर्ड की परीक्षा 16 फरवरी से शुरू होकर चार मार्च तक चलेगी। इस बार पेपरों में बोर्ड की ओर से ज्यादा दिनों का समय नहीं दिया गया है। कुल 17 दिनों में यूपी बोर्ड की परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। बीते वर्ष केंद्रों की संख्या 65 ही थी और कुल 41,800 परीक्षार्थियों की ओर से परीक्षा में भाग लिया गया था। वहीं इस बार हाईस्कूल में 24,775 और इंटर में 21,913 परीक्षार्थी मिलाकर 46,688 छात्र भाग लेंगे। बीते वर्ष की अपेक्षा इस बार 4,888 परीक्षार्थी बढ़े हैं। छात्र संख्या बढ़ने के कारण इस बार केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। कुल 73 केंद्र बनाए गए हैं।
बोले परीक्षार्थी :-
परीक्षार्थी श्रेया अवस्थी ने कहा कि अब समय सारिणी जारी हो गई है। तैयारी के लिए लगभग एक महीना है। ऐसे में सभी विषयों का रिवीजन चल रहा है।
हाईस्कूल के परीक्षार्थी अमन ने बताया कि इस बार बोर्ड परीक्षा की समय सारिणी में ज्यादा दिनों का अंतर नहीं है। ऐसे में पेपरों के बीच में पढ़ाई का ज्यादा मौका नहीं मिलेगा।
परीक्षार्थी अरुण भदौरिया का कहना है कि पढ़ाई में तेजी आ गई है। कोचिंग का समय भी बढ़ा दिया है।
परीक्षार्थी पायल के मुताबिक बोर्ड की समय सारिणी से एक बात तो साफ है कि इस बार परीक्षा के बीच ज्यादा समय मिलने वाला नहीं है। ऐसे में तैयारी को धार देना ही मजबूरी है।
बोर्ड ने जारी किए मॉडल पेपर
यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रत्येक विषय का एक-एक मॉडल पेपर जारी किया गया है। इससे परीक्षार्थियों को पैटर्न के बारे में जानकारी होगी। यह भी पता चलेगा कि कितने नंबर का कौन सा प्रश्न आने वाला है।
पहले होंगी प्रीबोर्ड परीक्षा
बीते दिनों बोर्ड प्री बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया था। जनपद में 16 -20 जनवरी तक प्री बोर्ड परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी। बोर्ड की ओर से प्री बोर्ड परीक्षाओं को सही ढंग से कराने के निर्देश दिए गए हैं। इससे परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा में बैठने के पहले का भय समाप्त हो जाए।