इटावा। यातायात माह में भी ट्रैफिक नियमों का पालन होता नजर नहीं आ रहा। जहां ऑटो और टेंपो में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जा रही हैं, वहीं बाइक और स्कूटी पर चार सवारियां दिख रही हैं। पुलिस वाले भी नियम तोड़ रहे हैं। बिना हेलमेट मोबाइल पर बात कर बाइक चलाते दिख रहे हैं। विभाग सिर्फ चालान काट रहा है।
रविवार दोपहर 12 बजे बस स्टैंड रोड पर एक ऑटो चालक क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर जा रहा था। इस दौरान वहां ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड के जवान भी तैनात थे, लेकिन किसी ने भी ऑटो चालक को नहीं रोका। लोग जल्दबाजी के चक्कर में ऑटो और टेंपो में पैर बाहर लटकाकर बैठ जाते हैं।
रविवार दोपहर साढ़े 12 बजे एक लोडर चालक छत पर सवारियों को बैठाकर ले जा रहा था, जबकि कानपुर में हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने मालवाहक वाहन से सवारी ढोने पर रोक लगा दी है और उन पर दस हजार रुपये का जुर्माना लगाने के लिए भी कहा है।
रविवार दोपहर एक बजे नुमाइश रोड पर एक स्कूटी पर सवार चार युवक घूम रहे थे। स्कूटी चालक तेजी से और लापरवाही से चला रहा था। उसको न खुद की और न ही किसी और की जान की फिक्र थी। उसने कई चौराहों को पार किया, लेकिन चौराहे पर लगे पुलिसकर्मियों ने उसे नहीं रोका। इससे औपचारिकता का पता लगता है।
रविवार दोपहर डेढ़ बजे के आसपास एक सिपाही बाइक से नौरंगाबाद की ओर से शास्त्री नगर चौराहे पर आया और स्टेशन रोड की ओर जाने लगा। इस दौरान सिपाही को कॉल आई, लेकिन उसने बिना बाइक रोके ही बात करनी शुरू कर दी। वह हेलमेट भी नहीं लगाए था।