संवाद न्यूज एजेंसी
निबाड़ीकला। यूपी बोर्ड की परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राएं परिणाम का इंतजार किए बगैर प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए हैं। उन्हें बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त होने की पूरी उम्मीद हैं। अधिकतर छात्र-छात्राओं ने मेडिकल, इंजीनियरिंग और सिविल सेवा में जाने की इच्छा जताई है। उनका कहना है कि स्नातक के साथ तैयारी भी चलती रहेगी।
तैयारी पर जोर, करेंगे आवेदन
अहेरीपुर के छात्र आफताब ने बताया कि उनके हाईस्कूल में अच्छे अंक आए थे। उम्मीद है इंटर में भी अच्छे अंक प्राप्त होंगे। अब प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। नियुक्तियां निकलते ही आवेदन करेंगे।
इंटर की परीक्षा देने वाले अनुज कुमार ने कहा कि वह बीएससी के साथ सिविल सेवा की तैयारी भी करना चाहते हैं। इसके लिए किताबें जुटाना शुरू कर दी हैं। तैयारियों पर ही अब जोर है।
हिमांशु ने बताया कि वह पुलिस विभाग में नौकरी के लिए तैयारी कर रहे हैं। जैसे ही भर्ती का विज्ञापन आएगा तो पढ़ाई में और तेजी लाएंगे।
महेंद्र की माने तो बोर्ड परीक्षा के बाद प्राथमिकता है कि अच्छे कॉलेज में स्नातक के लिए प्रवेश मिल जाए। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी होती रहेगी। सिविल सेवा में जाने के लिए वह स्नातक पर भी जोर दे रहे हैं।