बकेवर/सैफई। सहकारी समितियों के संचालक पद के चुनाव को लेकर मंगलवार को नामांकन हुए। बकेवर में नौ पदों के लिए 17 नामांकन पत्र बिके, जबकि 16 ने ही पर्चा दाखिल किया। लखना सहकारी समिति पर नौ पदों के सापेक्ष मात्र सात नामांकन हुए।
बकेवर सहकारी समिति पर नौ वार्डों में से तीन वार्ड में मात्र एक-एक नामांकन हुआ। जबकि पांच वार्डों में एक से अधिक नामांकन हुए। सबसे अधिक बकेवर वार्ड के लिए चार नामांकन हुए। नामांकन के दौरान भाजपा व सपा समर्थित नेताओं की मौजूदगी से सहकारी समिति के चुनाव में राजनीति सरगर्मी बनी रही।
नामांकन के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा, हरनाथ सिंह कुशवाह, आशीष त्रिपाठी, डॉ गोविंद मोहन तिवारी, बृजेश शर्मा, रामू मिश्रा, सपा से सुशांत वर्मा, लालू पाल, डॉ. जयसिंह चौहान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रमोद यादव, ज्वाला कठेरिया, सुभाष यादव, भोलू खान आदि मौजूद रहे।
सैफई ब्लॉक क्षेत्र की आठ समितियों पर निर्वाचन प्रक्रिया हुई। यहां सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के गृह ब्लॉक में दबदबा बरकरार रहा। यहां साधन सहकारी समिति सैफई, चौबेपुर, लटूपुर, हैवरा, रजमऊ, बरौली खुर्द, लाड़मपुर, राइन सहित आठ समितियों में संचालकों के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ है। मंगलवार को साधन सहकारी समिति सैफई पर इंद्रजीत यादव सहित नौ ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान सभी समितियों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। (संवाद)
18 लोगों ने पर्चा दाखिल किया
इकदिल। किसान सेवा सहकारी समिति बिरारी के नौ वार्ड में संचालक पद के लिए मंगलवार को आवेदन पत्र भरे गए। किसान सहकारी समिति के अंतर्गत कुशगवां बादशाहपुर, बिरारी, दामोदर पुर, निगोह ईकारपुर, बैसोलीघाट, रीतौर, अकबरपुर दौलतपुर, इब्राहिमपुर, कुंअरपुर भटपुर पंचायत के लगभग 989 लोग मतदान करेंगे। निर्वाचन अधिकारी हृदेश कुमार ने बताया कि 18 लोगों ने पर्चा दाखिल किया है। (संवाद)
60 फीसदी सदस्य निर्विरोध तय
ताखा। ब्लाॅक क्षेत्र की तीन किसान सेवा सहकारी समितियों के चुनाव में 27 सदस्यों के लिए कुल 50 पर्चे दाखिल किए गए। इनमें लगभग 60 प्रतिशत सदस्यों का निर्विरोध चुना जाना तय है। पर्चे वापस लेने की आखिरी तिथि 16 मार्च है। ऊसराहार सहकारी समिति पर कुल 19 पर्चे खरीदे गए। यहां के खरगपुर सरैया, रम्पुरा, बछरोई, बम्हनीपुर में एक-एक पर्चा दाखिल किया गया है। इसी प्रकार ताखा समिति पर नौ सदस्यों के लिए 15 पर्चे दाखिल किए गए। 16 मार्च को नाम वापसी तथा चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। इस दौरान ऊसराहार एआरओ राकेश यादव , ताखा एआरओ सुधीर कुमार सिंह, समथर एआरओ तरुण पाल सिंह मौजूद रहे। (संवाद)