सिक्सलेन हाईवे के पुलों पर बंद पड़ी हैं स्ट्रीट लाइटें।
- फोटो : अमर उजाला
बिजली बिल का भुगतान न होने से सिक्सलेन हाईवे और अंडरपास अभी भी अंधेरे में डूबे हैं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
हाईवे पर सफर करने वालों की सुरक्षा के प्रति एनएचएआई और ठेकेदार कंपनी अभी भी लापरवाह बने हैं। इटावा से लेकर कानपुर तक सिक्सलेन हाईवे पर सफर करने वालों की सुविधा के लिए एनएचएआई ने करोड़ों खर्च कर स्ट्रीट लाइट लगवाईं थीं। लेकिन ठेकेदार कंपनी ने बिजली बिल का भुगतान नहीं किया। इस पर बिजली विभाग ने इनके कनेक्शन मार्च में ही काट दिए थे। इटावा से कानपुर तक करीब 50 अंडरपास की लाइट के कनेक्शन कटे होने से लोगों को अंधेरे में सफर करने में परेशानी हो रही है। इटावा जिले के नौ पुलों में से अभी एक भी पुल की स्ट्रीट लाइट नहीं जली है। औरैया जनपद के विद्युत विभाग के अधिशाषी अधिकारी आर बी चौधरी ने बताया कि उनके यहां 16 सिक्सलेन के कनेक्शन थे, जो काटे गए। नौ के बिलों का बकाया जमा हुआ है। जिनके कनेक्शन जुड़ गए हैं। वहीं कानपुर देहात के अधिशाषी अधिकारी मनोज अग्रहरि ने बताया कि उनके यहां अभी भी कई पोल के कनेक्शन कटे हैं। ठेकेदार कंपनी ओरियंटल के अनंतराम टोल प्लाजा के प्रभारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि इटावा व औरैया के चार पुलों के बकाया बिल को जमा करा दिया गया है। उनकी लाइट चालू हो गई है। वहीं कानपुर देहात स्थित बारा टोल प्लाजा के प्रभारी मनोज शर्मा से बात नहीं हो सकी।