इटावा। बिहार में चल रही सियासी उठापटक के बीच राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के दामाद मैनपुरी के पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव ने कहा कि किसी दबाव में नीतीश को इस्तीफा देना पड़ा है। अभी कारण स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन स्थितियों को देखकर अभी यही माना जा सकता है।
भरथना में सपा नेता के भतीजे के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करके निकले पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव ने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल और महागठबंधन के दलों ने पूरा प्रयास किया कि भाजपा से पूरी एकजुटता के साथ लड़ा जाए। इसके बावजूद नीतीश कुमार ने इस तरह का फैसला लिया है तो निश्चित उनके ऊपर कोई दबाव रहा होगा। नीतीश अभी तक कोई ठोस कारण महागठबंधन छोड़ने का नहीं बता सके हैं।
कहा कि भाजपा दूसरी पार्टियों को तोड़कर सरकार बना रही है। इससे पहले महाराष्ट्र में भी यही किया था। इसी तर्ज पर चलकर जेडीयू को अपने पाले में लिया। बिहार की जनता का पूरा समर्थन तेजस्वी व राजद के साथ है। राजद ने युवाओं को नौकरियां दी हैं। बिहार में इस बार सबसे ज्यादा सीट राष्ट्रीय जनता दल को मिलेंगी।