इटावा। धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव के अंत्येष्टि स्थल पर म्यूजियम का निर्माण कराया जाएगा। इसमें उनकी भव्य प्रतिमा लगाई जाएगी। उनसे जुड़ीं चीजों और तस्वीरों का संग्रह किया जाएगा। अखिलेश यादव ने ये निर्णय मंगलवार को करीबियों की मौजूदगी में लिया।
नेताजी की अंत्येष्टि मेला मैदान पर मंगलवार को हुई थी। इसी जगह पांच बीघा जमीन पर म्यूजियम बनाने की तैयारी है। अखिलेश के करीबी दिनेश यादव ने बताया कि म्यूजियम इस जगह पर बनने पर मेला मैदान दूसरी जगह तैयार कराया जाएगा। म्यूजियम को लेकर चर्चा हुई है। काम भी जल्द शुरू कराने की तैयारी है। कहा कि नेताजी सभी के दिलों से जुड़े हैं। न सिर्फ अखिलेश बल्कि सैफई के हर शख्स की इच्छा है कि यहां पर नेताजी का म्यूजियम बने। इसमें उनके कपड़े, सदरी, टोपी, घड़ी, चश्मा, पेन, पुस्तकें, तस्वीरें रखी जाएंगी।
बाबा रामदेव ने जताई कुछ करने की इच्छा
मंगलवार को जब बाबा रामदेव नेताजी के अंतिम दर्शन करने पहुंचे तो भावुक हो गए। अखिलेश से मिलकर उन्होंने ऐसा कुछ करने की इच्छा जताई थी, जिससे आने वाली पीढ़ी नेताजी के कामों से परिचित हो और उन्हें अपना आदर्श माने।
योगी भी कह चुके सहयोग की बात
निधन के दिन सैफई में नेताजी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेश सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने की बात कही थी। माना जा रहा है कि प्रदेश सरकार की ओर से भी नेताजी को लेकर कोई घोषणा की जा सकती है।