सैफई (इटावा)। घर के बाहर सो रहे वृद्ध की धारदार हथियार से हमला कर पड़ोसियों ने हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है। फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। मृत के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम हरदोई निवासी किसान साहब सिंह (60) बुधवार रात घर के बाहर बने टिनशेड के नीचे सो रहे थे। उनके पास में ही दूसरी खटिया पर उनकी नाबालिग बेटी सो रही थी। रात करीब दो बजे धारदार हथियार से पड़ोसियों ने उनकी हत्या कर दी। सुबह करीब पांच बजे बेटी जागी तो खून से लथपथ पिता का शव देखकर चीख पड़ी। रोने की आवाज सुनकर परिजन व ग्रामीण एकत्रित हो गए।
हत्या की सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सतपाल सिंह और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से पूछताछ की। इसमें पता चला कि वृद्ध का पड़ोस में रहने वाले युवकों से किसी बात पर झगड़ा हुआ था। मृतक के पुत्र अंकित ने थाने में तहरीर दी कि जमीन को लेकर पिता का विवाद हुआ था। इसी खुन्नस में पड़ोस के पांच लोगों ने उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने धर्मेंद्र, रवि, राजेश उर्फ मास्टर और कैलाश निवासी ग्राम हरदोई व शीशपाल निवासी ग्राम हवेली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि सात साल पहले परिवार की एक युवती के साथ इन्हीं आरोपियों ने दुष्कर्म किया था। तब से यह रंजिश मानने लगे थे और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे। इस बीच उस युवती की वर्ष 2022 में मौत भी हो गई थी। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि घटनास्थल पर जांच पड़ताल की गई है। जमीन के विवाद के बाद हत्या बताई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उनकी तलाश की जा रही है। सात साल पहले हुई दुष्कर्म की घटना की बात भी पीड़ित पक्ष ने बताई है। उस पहलू पर भी जांच पड़ताल की जा रही है।