इटावा। लोकसभा के सदन में चर्चा के दौरान गुरुवार को सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया ने चंबल एक्सप्रेसवे का काम जल्द शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इसके जल्दी बनने से चंबल के बीहड़ में रहने वाले लोगों को काफी फायदा होगा।
सदन में सांसद ने सभापति को धन्यवाद देते हुए कहा कि राजस्थान के कोटा से चंबल एक्सप्रेसवे बनवाने के लिए स्वीकृति दी गई है। यह एक्सप्रेस वे इटावा के बीहड़ी इलाके से होकर निकलेगा। कई सालों तक दस्यु गिरोह के कारण चंबल किनारे के गांव और कस्बे विकास से वंचित रहे हैं, लेकिन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और चंबल एक्सप्रेसवे बनने के कारण इस क्षेत्र का विकास अब हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि चंबल एक्सप्रेसवे के लिए राजस्व विभाग ने जमीन चिह्नित कर ली है। इसके कारण किसानों ने पूरी जमीन पर फसल नहीं की है। अब वह विकास की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इस एक्सप्रेसवे को अटल एक्सप्रेसवे नाम दिया गया है। इसलिए जरूरी है कि इस एक्सप्रेस का निर्माण जल्द शुरू कराया जाए, ताकि बीहड़ के इलाकों का भी विकास हो सके। उन्होंने चंबल एक्सप्रेसवे को फर्रुखाबाद में गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की मांग भी की है।