इटावा/बकेवर। लुधियानी गांव से लापता दो बहनें व एक युवती को पांचवें दिन पुलिस ने पंजाब के पठानकोट में तलाश निकाला है। तीनों को पुलिस टीम अपने साथ ले आई है। उन्हें एसएसपी के समक्ष पेश किया गया है। तीनों ने घूमने के लिए जाने की बात कही है।
बकेवर थाना क्षेत्र लुधियानी गांव से पांच दिन पहले लापता हुई दो बहन रुचि व रचना व रोशनी का सुराग पुलिस पठानकोट में तलाशकर उन तक पहुंच गई है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करके व कई जिलों, प्रदेशों की पुलिस से संपर्क साधकर तीनों को तलाश लिया गया। लुधियाना चौराहा से इटावा आकर बस से मथुरा गई थीं। वहां से ट्रेन से पठानकोट तक पहुंची हैं। एसआई अनुज बालियान के नेतृत्व में पहुंची टीम तीनों को अपने साथ लेकर लौटी है। एसएसपी ने बताया कि तीनों के पास रुपये थे वह घूमने के उद्देश्य से निकली थीं। परिजनों की ओर से तीनों की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। टीमें लगाकर तीनों की पांच दिन के अंद तलाश करा ली गई है। मेरा सभी बच्चों और युवाओं से अनुरोध है कि यदि आप कहीं जाना चाहते हैं तो अपने परिजनों को जरूर बताकर जाएं। अन्यथा वह किसी अनहोनी का भी शिकार हो सकते हैं।