बकेवर। नगर पंचायत लखना की मासिक बोर्ड की बैठक में शुक्रवार को बरसात में खराब हुईं सड़कों को सही कराने का प्रस्ताव पास हुआ है। नगर पंचायत जल्द इसके लिए प्रक्रिया शुरू करेगा। वहीं, सभासदों ने वार्डों में लगी रोड लाइटों के खराब होने की शिकायत की है।
सभासद शिवकुमार सिंह चौहान ने बरसात में खराब हुईं सड़कों की मरम्मत कराने का प्रस्ताव रखा। सभी सभासदों ने सहमति दर्ज कराई। चेयरमैन डॉ. समीर प्रकाश त्रिपाठी ने निजी स्तर से मिडिल स्कूल के पास लगवाए गए ट्यूबवेल को नगर पंचायत को दान दे दिया। सभासदों ने ठाकुरान मुहाल, दीक्षितान मुहाल व कालिका मुहाल पक्का तालाब पर स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने सुलभ शौचालय को चालू कराने की मांग की।
प्रभारी अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि रोड लाइटों को लगाने वाले ठेकेदार को नोटिस भेजा गया है। लाइटें अभी गारंटी में हैं। अगर सही नहीं कर रहे हैं तो उसकी जमा जमानत धनराशि से सही कराने का काम किया जाएगा।
वहीं, सभासद आफताब अहमद ने सब्जी मंडी के पास बनाई गईं दुकानों में बरसात के पानी की निकासी न होने की बात कही। ईओ ने व्यवस्था सुदृढ़ कराने की बात कही। सभासद रजनी त्रिपाठी ने कहा कि जलनिगम की ओर से सड़कों पर खोदे गए गड्ढे बंद नहीं कराए गए हैं। इस पर जलनिगम को पत्र लिखने के लिए कहा गया है।
बैठक में सभासद शिवकुमार, सुनील चक, मंजू देवी, सूरज बाथम, अभिनय सिंह, रेखा कुशवाहा, नीता दुबे, प्रदीप प्रधान, धर्मेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।