मरूधर एक्सप्रेस अब टूंडला के बजाए वाह बटेश्वर होकर आगरा जाया करेगी। ये जानकारी मुख्य यात्री निरीक्षक पीके ओझा ने रविवार को रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान दी। इटावा से वाह बटेश्वर होते हुए आगरा तक जाने के लिए नई रेलवे लाइन पर अभी सिर्फ एक ही पैसिंजर जाती है। आगरा जाने वाले गाड़ियों को इस मार्ग से गुजारने की तैयारी रेलवे प्रशासन काफी समय से कर रहा है। इससे इटावा से दिल्ली मार्ग का लोड भी कम होगा। मुख्य यात्री निरीक्षक पीके ओझा ने रविवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं को देखा। कहा कि रेलवे स्टेशन का विस्तारीकरण किया जाएगा। इस बारे में शीघ्र ही योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल मरूधर एक्सप्रेस जो अभी तक टूंडला होकर आगरा जाती थी, अब वाह बटेश्वर रेल मार्ग से आगरा जाएगी। शीघ्र ही समय सारिणी तय कर दी जाएगी।