इटावा। ठंड बढ़ने के साथ ही ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ने लगा है। वाराणसी सिटी से जोधपुर जंक्शन जाने वाली (14853) अप मरुधर एक्सप्रेस रविवार को करीब आठ घंटे देरी से प्लेटफार्म नंबर दो पर आई। ट्रेन की लेटलतीफी से यात्री परेशान रहे।
वाराणसी की ओर से आने वाली मरुधर एक्सप्रेस का समय इटावा जंक्शन पर सुबह 4:05 बजे का है लेकिन, यह ट्रेन 7:55 मिनट की देरी से दोपहर 12 बजे इटावा पहुंची।
बसरेहर से आए कृष्ण कुमार ने बताया उन्हें गांधीनगर जाना था। रात में इटावा आ गए थे। मोबाइल पर ट्रेन की लोकेशन देखते रहे, जो लगातार लेट होती रही। पक्का बाग से आए हरिकिशोर ने बताया उन्हें जोधपुर जाना है लेकिन, ट्रेन के विलंब होने से दिक्कत जरूर हुई। सोचा कि टिकट रद्द करा दें, लेकिन जाना भी जरूरी है इस लिहाजा इरादा बदल दिया।