इटावा। आंधी और बारिश से शहर से लेकर गांव तक जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। गलियों में जलभराव हो गया। कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। टिनशेड गिरने से एक बालिका घायल हो गई। वहीं 150 से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई है। देर शाम तक बूंदाबांदी जारी रही। जलभराव में कई वाहन फंसे रहे।
दोपहर में तीन बजे के करीब मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ करीब दो घंटे हुई झमाझम बारिश से शहर से लेकर जिले भर में कई स्थानों पर जलभराव हो गया। बारिश से लोगों को फौरी तौर पर गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई जगह पेड़ और बिजली के पोल धराशायी होने से परेशानियां भी बढ़ीं। इस वजह से काफी देर तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
फ्रेंड्स कॉलोनी जिला अस्पताल, विकास भवन, कचहरी परिसर, डाकघर परिसर, जीआईसी मैदान में खासा जलभराव हो गया। ऐसे में सबसे बदहाल स्थिति राम नगर, गांधीनगर, मोहल्ला बैरून कटरा साहब खां अड़्डा श्यामलाल समेत लाइनपार के कई अन्य क्षेत्रों में हो गई। यहां चारो ओर पानी ही पानी दिखाई पड़ रहा था। अड्डा श्याम लाल में नगर पालिका कर्मियों ने जेसीबी के साथ पहुंचकर लोगों को जलभराव से राहत दिलाने पहुुंचे। नई मंडी परिसर में भी जलभराव हो गया। इस वजह से काफी देर तक दुकानों में बैठे रहे कारोबारियों, आढ़तियों, पल्लेदारों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
इसी प्रकार सिविल लाइन क्षेत्र में गांव जुहाना में टिन शेड गिरने से महिला रोहिना घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल लाया गया था। शहर में माल गोदाम रोड पर सरकारी आवास परिसर में खड़ा पेड़ सड़क पर गिरने से एक बालिका घायल हो गई, जबकि मोटर साइकिल दब गई। जबकि ताखा क्षेत्र में आंधी- बारिश के बीच समथर में नगला भिकारीदास में हरनाम सिंह की भूसे के कमरे दीवार भरभराकर गिर गई।
इकदिल संवाद के अनुसार- आंधी और बारिश की वजह से लगभग डेढ़ सौ गांवों की बिजली बाधित हो गई। बिजली कर्मियों के फाल्ट ढूंढने के साथ ही गांवों की बिजली बहाल करने का काम चलता रहा। कुछ गांवों में रात आठ बजे तक बिजली नहीं आई। एसडीओ श्री कृष्ण मुरारी ने बताया बारिश बंद होते ही लाइनमैनों को फाल्ट ढूंढने में लगा दिया गया। वहीं महेवा संवाद के अनुसार- जोरदार आंधी और बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त होने के अलावा विद्युत व्यवस्था भी बुरी तरह लड़खड़ा गई। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन बिजली गुल होने से काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जो रात आठ बजे तक बहाल न हो सकी।
शहर में टूटे चार पोल
अधिशासी अभियंता प्रथम श्रीप्रकाश ने बताया कि शहर में चार विद्युत पोल टूटे। इनमें फ्रेंड्स कॉलोनी में पेड़ गिरने से बिजली के दो व एक पोल आनंद नगर टूटे। नुकसान का पता लगाया जा रहा है कि कहां और कितना नुकसान हुआ है।
-