संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। बेटी की शादी से पहले किसान मकान का निर्माण करा रहा था। मृतक के दोनों बेटे भी बहन की शादी के लिए नोएडा में नौकरी कर रहे हैं। किसान की हत्या के बाद गांव में मातम छाया हुआ है।
चौबिया थाना क्षेत्र के मुगलपुरा गांव में किसान लियाकत हुसैन गांव से बाहर चौपला-समथर मार्ग पर प्लॉट पर करीब छह माह से अपना मकान बनवा रहे थे। उन्हें अपनी छोटी बेटी निशा की शादी करनी थी। लिंटर डलवाने के लिए किसान ने मौरंग, सीमेंट, सरिया आदि सामान पास प्लॉट के पास ही डलवाया था। मृतक के दो पुत्र परवेज और सलमान बहन की शादी के लिए नोएडा में प्राइवेट नौकरी कर रहे हैं। तीन पुत्रियों की शादी हो चुकी है। गांव में किसान अपनी पत्नी मीना व पुत्री निशा का साथ रह रहा था। मंगलवार शाम लियाकत अपने घर पर खाना खाने के बाद रात में प्लाट के बाहर रखी झोपड़ी में सोने के लिए गए थे। रात में हमलावरों ने धारदार हथियार से सिर पर कई प्रहार करके उनको मौत की नींद सुला दिया।
.............................................
गांव तक पहुंची डॉग स्क्वायड की टीम
लियाकत के शव की जांच करके डॉग स्क्वायड टीम का खोजी कुत्ता पहले निर्माणाधीन मकान में घुसा। बाद में करीब घटना स्थल से एक किलोमीटर दूर अंदर गांव में जा पहुंचा। पुलिस आशंका जता रही है, हत्यारे आसपास के ही हैं जो किसान को पहले से जानते हैं।