इटावा। काफी समय से नाला उफनाने से परेशान चार मोहल्लों के 20 हजार लोगों की समस्या पर नगर पालिका ने एनएचएआई को पत्र लिखा है। इसमें नाले की सफाई शीघ्र कराने की मांग की है। पत्र भेजे छह दिन हो चुके हैं लेकिन अभी तक एनचएआई की ओर से कोई जवाब नहीं आया है। ऐसे में दो पाटों के बीच जनता फंसी हुई है।
शहर के तुलसी नगर, अड्डा ऊसर, नारायण नगर व सरस्वती विहार कालोनी के लोग रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरते हैं। नगर पालिका की ओर से इन मोहल्लों में जलनिकासी की व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया गया। यहां स्थित घरों से निकलने वाला पानी एनएचएआई के नाले में जाता है। लंबे समय से यही व्यवस्था चल रही थी। अब एनएचएआई का नाला उफनाने से गंदा पानी सर्विस लेन के साथ ही लोगों के घरों के सामने भर गया है। सरस्वती विहार कालोनी के सामने स्थित सर्विस लेन से तो निकलना दूभर है।
यही हाल तुलसी नगर के सामने की सर्विस लेन का भी है। पिछले दिनों जिलाधिकारी अवनीश राय ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी को सख्त निर्देश दिए थे। कहा था कि एनएचएआई को पत्र लिखकर नाले की सफाई के लिए कहा जाए। अगर एनएचएआई की ओर से काम नहीं कराया जाता तो वह अफसरों को तलब करेंगे। डीएम के निर्देश के बाद ईओ की ओर से 23 जनवरी को एनएचएआई को पत्र भेज दिया गया। अब पालिका जवाब मिलने का इंतजार कर रही है।
एनएचएआई को पत्र लिखकर नाले की सफाई के लिए कहा गया है। अगर जवाब जल्द नहीं मिला तो इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को दी जाएगी। सीवर जेटिंग मशीन लगाकर पानी निकालने का प्रयास उनकी ओर से किया गया है लेकिन इससे समस्या दूर नहीं हो पा रही है। - विनय कुमार मणि त्रिपाठी, ईओ नगर पालिका सदर।