चकरनगर (इटावा)। गांव टिटावली में बुधवार शाम करीब चार बजे जंगल से आए तेंदुए ने घर के बाहर खेतों पर चर रही एक पशुपालक की जमुनापारी बकरी को शिकार बना लिया। ग्रामीणों और सेंचुरी विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
पशुपालक देव सिंह यादव ने बताया कि बुधवार शाम करीब चार बजे खेतों पर बकरी चरा रहे थे। तभी अचानक बीहड़ की तरफ से तेंदुआ आया और उसने जमुनापारी बकरी पर हमला कर दिया। तेंदुआ के भय से साथ में चर रही अन्य बकरियों के भागने पर पशुपालक को जानकारी हुई। जब तक पशुपालक मौके पर पहुंचा तो देखा तेंदुआ बकरी की गर्दन दबाकर जंगल की तरफ खींच ले गया। ग्रामीणों के शोरगुल सुनकर तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया। थोड़ी देर बाद बकरी की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर सुबह गांव पहुंचे वन दरोगा चंद्रभान सिंह सेंगर और वन जीव रक्षक महेंद्र सिंह ने मौके पर पड़ताल की। पुलिस और सेंचुरी विभाग ने बीहड़ क्षेत्र में गश्त भी किया। वन दरोगा चंद्रभान सिंह सिंगर ने बताया कि तेंदुए खाने की तलाश में अक्सर जंगल से भटककर गांव में आ जाते हैं। ग्रामीणों को सावधानी बरतनी होगी। अपने जानवरों को बाड़ों में सुरक्षित बांधे। जंगल की तरफ अकेले न जाएं। यदि तेंदुआ दिखे तो शोर मचाएं, आग जलाएं। जिससे वह पुन: गांव की तरफ नहीं आएगा।
वर्जन
जमुनापारी बकरी को तेंदुआ के खाने की जानकारी मिली है। पशुपालक को बकरी का पोस्टमार्टम के लिए बोला गया है। रिपोर्ट आने पर शासन को भेजी जाएगी। उसके अनुसार ही पशुपालक की मदद की जाएगी।
- हरि किशोर शुक्ला, सेंचुरी रेंजर चकरनगर