इटावा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन कार्ड धारकों को मिलने वाले खाद्यान्न में घटतौली को रोकने के लिए शासन ने नई व्यवस्था शुरू करने का निर्देश दिया है। कोटेदार के कांटे को ई-पास मशीन से लिंक कर दिया जाएगा। इससे जितने यूनिट का बाॅयोमीट्रिक सत्यापन होगा, उतने ही राशन की तौल की जा सकेगी।
जिले के 650 राशन विक्रेताओं को ई-पॉस मशीन से जुड़े तौल कांटे मिलेंगे। पूरा राशन तौले बिना मशीन अगले उपभोक्ता को राशन देने की अनुमति नहीं देगी। सरकार की नए तौल कांटे देने की योजना उपभोक्ताओं को कम राशन देने की शिकायतों पर रोक लगाएगी। जिले में कुल 297404 कार्डधारक हैं। जिससे 1194613 लोगों को उचित दर पर राशन दिया जाता है। इसमें आए दिन घटतौली की शिकायतें मिलती रही हैं।
अब ई-पॉस मशीनों को ई-कांटे से लिंक किया जाएगा। ई-कांटे से तौल किए गए खाद्यान्न की सूचना सीधे वेबसाइट पर प्रदर्शित होगी। लाभार्थी खाद्यान्न की पावती भी मांग सकेंगे व उनके पंजीकृत मोबाइल पर भी मैसेज आएगा। ई-कांटे से लिंक ई-पास मशीनें फिंगरप्रिंट व आई स्कैनर से युक्त रहेंगी। कम मात्रा होने पर मशीन खाद्यान्न के तौल की स्वीकृति ही नहीं प्रदान करेगी।
इसमें कार्ड धारक का ईपॉस मशीन अगूंठा लगाते ही इलेक्ट्रानिक वेइंग मशीन में चावल व गेहूं का वजन फीड हो जाएगा। नए सिस्टम में किस तरह अंगूठा लगवाना है और किस प्रकार अनाज तौलना है। इसके लिए सभी राशन विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद अनाज वितरण के समय एक तरफ लाभार्थियों को सहूलियत मिलेगी। वहीं, दूसरी तरफ विभाग को खाद्यान्न वितरण की सही स्थित की जानकारी भी विभागीय वेबसाइट पर मिलती रहेगी। इससे कोटेदारों की मनमानी पर रोक लगने के साथ अनाज वितरण में घटतौली की शिकायत पर भी अंकुश लग जाएगा।