भरथना। नाइन एक्सएम टीवी चैनल के शो इंडियाज टेलेंट फाइट के लिए चयनित कस्बे की बेटी का पहला शो उसके घर के साथ ही पूरे कस्बे में देखा गया। शो देखकर उसके परिवार और अन्य रिश्तेदार झूम उठे। इलाकाई लोगों ने भी उनकी प्रतिभा को सराहा।
मोहल्ला महावीर नगर निवासी तंबाकू कारोबारी मनीष शाक्य की बेटी खुशी के गाने का टीवी चैनल नाइन एक्स एम के इंडियाज टेलेंट फाइट सीजन-3 के लिए हुई रिकॉर्डिंग का सोमवार रात 12 बजे टेलीकास्ट किया गया। जिसे सुनकर पूरा परिवार उत्साह उमंग से लबरेज रहा। खासतौर पर दादी पूरन देवी शाक्य ने भी पौत्री की प्रस्तुति देखी।
इस दौरान पिता मनीष शाक्य, मां रीता शाक्य, भाई अनंत शाक्य, बाबा जय प्रकाश आदि परिजन देर रात तक टीवी के सामने डटे रहे। बताते चलें कि खुशी शाक्य ने तीसरे चक्र में प्रवेश किया है। परिजनों ने ग्रांड फिनाले जीतने की शुभकामनाएं दी।
खुशी शाक्य ने फोन पर बताया कि सीजन-3 के परिणाम आने में करीब पंद्रह दिनों का समय लगेगा। इसके बाद ग्रांड फिनाले होगा। अब तक का प्रदर्शन अच्छा रहा है। ग्रांड फिनाले में पहुंचने की पूरी उम्मीद है। परिजनों से लगातार सहयोग मिला है। सीजन-3 में जज के रूप में सुप्रसिद्व गायिका अनन्या शर्मा व मास्टर कृष्णा आदि रहे।