चकरनगर। क्षतिग्रस्त ढकरा पुलिया पर भारी वाहनों को रोकने के लिए लगाए गए बैरियर खनन माफिया ने तोड़ दिए हैं। इसकी जानकारी के बाद सीओ ने एमपी पुलिस से संपर्क किया। दोनों तरफ की सीमा पर पुलिस तैनात की गई है।
मध्य प्रदेश से मौरंग और अवैध कटान कर लकड़ी लाने वाले माफिया भारी वाहनों को ढकरा पुलिया से होकर लाते हैं। बारिश में ढकरा पुलिया के क्षतिग्रस्त होने पर भारी वाहनों को रोकने के लिए दोनों छोरों पर लोहे के बैरियर लगाए गए थे। जिन्हें शनिवार रात तोड़ दिया गया। पुलिस को जानकारी मिली कि ये अवैध खनन और कटान करने वालों ने किया है।
पुलिस ने मध्य प्रदेश के बार्डर पांडरी बाबा मंदिर सेतु और बल्लौ गढ़िया पर लगे इन बैरियरों के टूटने के बाद एमपी सीमा पर पुलिस तैनात कर दी है।
सीओ राकेश वशिष्ठ ने बताया कि जल्द कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम मलखान सिंह ने बताया कि टास्क फोर्स बनाई गई है।