ताखा (इटावा)। बिजली विभाग में इन दिनों एक जेई खासा चर्चा में हैं। इन पर लाइनमैन के नाम से मानदेय निकालने का आरोप है। जिस नाम से वेतन निकाला गया, उस नाम का कोई भी कर्मचारी तैनात ही नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक ताखा क्षेत्र में तैनात एक अवर अभियंता ने अपने घर पर काम करने वाले रिश्तेदार को संविदा पर लाइनमैन रखवाया और फिर पिछले तीन साल से मानदेय उठा रहे हैं। कथित लाइनमैन का हर महीने मानदेय निकलवाने के लिए संस्तुति भी जेई खुद करते हैं।
बिजलीघर पर तैनात अन्य लाइनमैनों से जानकारी करने पर पता चला कि जिस लाइनमैन के नाम से मानदेय निकल रहा है, उस नाम का कोई नहीं है। पता चला कि ताखा बिजली घर पर छह लाइनमैन के नाम पर मानदेय दिया जा रहा है, जबकि तैनाती पांच की है। एक लाइनमैन रजिस्टर में अलिकेश के नाम से है, जिसकी उपस्थिति शून्य है।
बिजलीघर के लाइनमैन प्रदीप कुमार व अन्य ने बताया कि वह पिछले तीन साल से ताखा बिजलीघर पर तैनात हैं। उन्होंने अलिकेश नाम के किसी व्यक्ति को बिजलीघर पर नहीं देखा और न ही ऐसा कोई व्यक्ति यहां पर तैनात है। एसडीओ ताखा रामहरी का कहना है जानकारी होने पर उन्होंने नाम हटवा दिया है।
जांच कराएंगे
ग्रामीण क्षेत्र के अधिशासी अभियंता तृतीय राजीव कालरा ने बताया कि ये मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर पता लगाएंगे। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।