सैफई (इटावा)। तीन दिन पूर्व सड़क पर घायल मिले दुकानदार की सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने सिर पर लाठी या रॉड मारकर उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस हत्या और दुर्घटना दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।
सैफई के नगलर कअरी निवासी शिवम (24) ने दो माह पहले कुर्रा मैनपुरी में दुकान खोली थी। पिता मलखान ने बताया कि बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कुर्रा के नगला सुंदर गांव से ग्रामीणों ने फोन कर बेटे के घायल पड़े होने की सूचना दी थी। घायल शिवम को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। शुक्रवार रात 11:30 बजे बेटे ने दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों ने वाहन के बेटे की बाइक में टक्कर मारने की बात कही थी। बेटे के सिर पर ही चोट के निशान हैं। बाइक से गिरने पर शरीर में और भी जगह चोटें आतीं। उन्होेंने हत्या की आशंका जताई है।
सैफई थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास के लोगों ने बताया कि युवक हेलमेट नहीं लगाए था।