बसरेहर। चकवा खुर्द में युवक की हत्या कर शव उसके भाई से जलवाने के मामले में दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसमें एक वीडियो में घटना से पहले चारपाई पर बंधे युवक, उसके पिता और भाई के होने की बात कही जा रही है। वहीं दूसरे वीडियो में घटना का एक आरोपी खुद को बेकसूर और मृतक के परिजनों को ही दोषी बता रहा है। पुलिस दोनों वीडियो की जांच में जुटी है।
थाना क्षेत्र के चकवा खुर्द में गत रविवार शाम कन्हैया की मारपीट कर हत्या कर दी गई थी। मंगलवार सुबह पुलिस ने पिलुआ मंदिर के पीछे घाट से उसका अधजला शव बरामद किया था। 16 फरवरी की शाम 5:51 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें एक घायल युवक चारपाई पर लेटा है। उसके पैर बंधे हैं। दूसरा शख्स उससे बात कर रहा है। युवक पैरों को खोलने की गुहार लगा रहा है। थोड़ी दूर दूसरा युवक खड़ा है, जो पैर खोलने से मना कर देता है। घायल युवक बार-बार माफी मांगता है। 500 रुपये ले जाने और शराब पीकर घूमने की बात भी कही जा रही है। वीडियो में किसी लड़की का भी जिक्र है। वीडियो में मृतक के भाई और पिता के होने का दावा किया जा रहा है।
दूसरा वीडियो 18 फरवरी शनिवार शाम 7:15 पर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें आरोपी सौरभ यादव सफाई देता दिख रहा है। उसने कन्हैया से विवाद की बात तो कही पर हत्या की बात नकारी है। उसने कन्हैया के परिजनों को ही आरोपी बताया है। एसएसपी से जांच कराकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि इन दोनों की वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करता है।
थाना प्रभारी अंकुश राघव ने बताया की हत्यारोपी सौरभ यादव ने सोशल मीडिया अकाउंट से बचाव के लिए वीडियो वायरल किया है। वीडियो की जांच कराई जा रही है। टीम बनाकर लगातार आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।