इकदिल। गेहूं की फसल काट रहे होमगार्ड के भाई की थ्रेसर में फंसकर मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव दौलतपुर निवासी अरविंद (28) पुत्र अहिवरन मजदूरी करने के लिए पड़ोस के गांव कथगवां के शिव कुमार पुत्र हुकुम सिंह के खेत पर गया था। वह शुक्रवार शाम गांव के ही रिंकू के साथ ट्रैक्टर थ्रेसर से गेहूं की कटाई करा रहा था। इस बीच थ्रेसर में गेहूं का गट्ठर लगाते हुए वह फंसकर खुद अंदर चला गया। कुछ ही मिनटों में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और परिजन पहुंच गए। मृतक के भाई रामशंकर सिंघानिया इकदिल थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं।
उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर की ट्राली में गेहूं के गट्ठर ओवर भरे हुए थे। इस वजह से यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि अरविंद चार भाइयों में सबसे छोटा था। तीन साल पहले उसकी शादी हुई थी। पत्नी इंदू, दो साल बेटे रो-रोकर बेहाल हैं। थाना प्रभारी कृष्ण लाल पटेल ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को थ्रेसर से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रैक्टर और थ्रेसर को थाने में खड़ा करा लिया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।