इकदिल। नेशनल हाइवे-2 पर बुधवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने डंपर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक चालक स्टेयरिंग में फंस गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
घाटमपुर निवासी शीलू (32) बुधवार रात ट्रक लेकर कानपुर जा रहा था। टाटा एजेंसी के पास झपकी आने से ट्रक डंपर में पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टेयरिंग और सीट के बीच फंस गया। मानिकपुर चौकी प्रभारी नागेंद्र सिंह व सिपाही प्रवेंद्र व विवेक की मदद से चालक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। क्रेन की मदद से ट्रक को हाईवे से हटाकर यातायात चालू कराया गया। ट्रक और डंपर को इकदिल पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।