इटावा। शहर का 25 शैया आयुर्वेदिक अस्पताल तीन कमरों में चल रहा है। दो कमरे स्टाफ और दवाओं के लिए हैं। एक जर्जर कमरे में कुछ बेड डाल रखे गए हैं। पूरा भवन बारिश होते ही टपकने लगता है। छत से लेकर दीवारें तक सीलन से पटी हैं। यही कारण है कि 16 साल से यहां एक भी मरीज भर्ती नहीं किया गया।
वर्ष 2006 में शहर में संचालित आयुर्वेदिक अस्पताल को कोतवाली के पीछे बनी इमारत में शिफ्ट किया गया था। तीन कक्षों की यह जर्जर इमारत व्यवस्थाओं में रोड़ा बन गई। एक कक्ष में क्षेत्रीय यूनानी अधिकारी और क्लर्क बैठते हैं। एक में अस्पताल की प्रभारी डॉ. पूनम गौर, एक कक्ष में दवा वितरण कक्ष व दवाइयों का स्टोर है। स्टोर के ही आधे हिस्से में पांच बेड डालकर वार्ड बना दिया गया है। कक्ष पूरी तरह जर्जर है। प्लास्टर तक उखड़ रहा है। यहां 40 से 50 मरीज प्रतिदिन दिखाने आते हैं। अस्पताल में एक डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट और एक वार्ड ब्वाय तैनात है। एक डॉक्टर और एक फार्मासिस्ट का पद खाली है।
घटिया अजमतअली वार्ड निवासी राम बेटी ने बताया कि उन्हें कुछ दिन से खांसी आ रही थी। दवा दे दी गई है। गंभीर दिक्कत होने पर जिला अस्पताल जाते हैं। यहां पर भर्ती होने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। करौल निवासी शिवराज सिंह भदौरिया ने बताया कि उनके बदन में कुछ दिन से टूटन हो रही थी। दवा मिल गई है। अस्पताल की हालत जर्जर होने की वजह से यहां कोई मरीज भर्ती नहीं होता है।
परिसर में सिर्फ तीन कमरे हैं। इन्हीं में पूरा स्टाफ बैठता है। इमारत जर्जर होने की वजह से लोग यहां भर्ती होने से बचते हैं। कई बार इस समस्या को लेकर उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया जा चुका है।
- डॉ. मनोज दीक्षित, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी।