इटावा। जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक इन दिनों खून की कमी से जूझ रहा है। पांच सीएचसी पर रक्तदान शिविर लगाए जाने के आदेश के बावजूद एक यूनिट रक्त नहीं मिल सका।
अगस्त महीने में ब्लड बैंक में सिर्फ रक्तदाता समूह हेल्प डेस्क की ओर से एकमात्र रक्तदान शिविर लगाया गया था। इसमें 12 यूनिट रक्त मिला। प्रभारी सीएमओ डॉ. बीएल संजय ने पांच सीएचसी पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया था। सरसईनावर में 8 अगस्त, महेवा में 9, चकरनगर में 10, उदी में 11, जसवंतनगर में 13 व सैफई सीएचसी पर 14 अगस्त को रक्तदान शिविर लगाया गया। ब्लड बैंक से पांच सदस्यीय टीम भी बनाई गई थी। किसी भी शिविर में एक यूनिट खून भी नहीं मिला। सीएचसी पर रक्तदान शिविर न आयोजित होने पर प्रभारी सीएमओ डॉ.बीएल संजय ने बताया महेवा में अमृत महोत्सव की तैयारियों, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी की वजह से कुछ शिविर हुए लेकिन कलेक्शन कम रहा। ब्लड बैंक में छह सौ यूनिट ब्लड रखने की क्षमता के लिए चार फ्रीजर हैं। अप्रैल से अगस्त तक 17 रक्तदान शिविर हुए। इसमें 405 यूनिट रक्त मिला। शनिवार को घटकर महज 17 यूनिट बचा। रोजाना 25 से 30 लोग बदले में रक्तदान करते हैं। स्वैच्छिक रक्तदान करने कम लोग आ रहे हैं।
ब्लड बैंक की प्रभारी डॉ. नीतू द्विवेदी का कहना है काउंसलर रोजाना किसी न किसी संस्थान, स्कूल, कॉलेज, सरकारी कार्यालयों से संपर्क कर रक्तदान शिविर लगवाने के लिए संपर्क कर रही हैं। रक्तदान करने के इच्छुक लोग संपर्क कर सकते हैं।