- शहर में गुरुवार शाम को एक शोरूम के उद्घाटन पर पहुंचे थे सपा के राष्ट्रीय महासचिव
अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने केशव प्रसाद मौर्य के बयान का पलटवार किया है। शिवपाल ने कहा कि सरकार विपक्ष के लोगों को जेल भेजने का काम कर रही है।
शिवपाल गुरुवार शाम को शहर के एक शोरूम का शुभारंभ करने पहुंचे थे। शिवपाल सिंह ने मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव के उस बयान पर जवाब दिया, जिसमें अखिलेश ने कहा था कि सरकार जेल भेज सकती है। शिवपाल ने बोले, सरकार कुछ भी कर सकती है। विपक्ष के लोगों को झूठे केसों में जेल भेजा जा रहा है। वहीं, केशव प्रसाद के उस बयान पर जिसमें अखिलेश मेरी हत्या करवा सकते हैं पर शिवपाल बोले, अगर डिप्टी सीएम ऐसा बयान दे रहे हैं, तो यह बड़ा मजाक है। जिस डिप्टी सीएम को जेड प्लस सुरक्षा मिली हो और वो ऐसा बयान दे रहे हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है।
उन्होंने कहा सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इसलिए अब हम अपने संगठन को मजबूत कर भाजपा को हटाने के लिए जुट गए हैं। बोले, हम लोग रामचरितमानस को मानने वाले लोग हैं। भगवान राम के आदर्शों पर चलने वाले लोग हैं। मंदिरों में राज्य सरकार के द्वारा अखंड रामायण का पाठ कराने के लिए दिए जाने वाले धन को लेकर शिवपाल ने कहा, इनकी सोच विकास की सोच नहीं है, सिर्फ जनता को भ्रमित करने का काम करते हैं। पड़ोसी देश चीन बराबर जमीन पर कब्जा करता जा रहा है, उससे जमीन तो वापस ले नहीं पाए।
भ्रष्टाचार को लेकर अधिकारियों पर हमलावर हुए शिवपाल ने कहा कि विधायक निधि एवं सांसद निधि से सीधा-सीधा 10 परसेंट कमीशन खाया जा रहा है। इस सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। तीसरे मोर्चे के गठन पर बोले, हम अभी अपना संगठन मजबूत करने में लगे हैं। गठबंधन पर समय आने पर निर्णय लिया जाएगा।