इटावा। जिले में अपराध समीक्षा करने आए डीआईजी रेंज ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों की भी हकीकत जानी। उन्होंने पैदल रूट मार्च करके शहर का माहौल परखा। निर्देश दिए कि चुनाव में खलल डालने वालों पर गुंडा एक्ट और गैंगस्ट की कार्रवाई करें।
गुरुवार को लोकसभा चुनाव के चलते डीआईजी रेंज जोगेंद्र कुमार जिले में व्यवस्थाएं परखने पहुंचे। उन्होंने सिंचाई विभाग के सर्किट हाउस में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने चुनाव की तैयारियों को परखा। कहा कि चुनाव को हर हाल में निष्पक्ष कराया जाए। चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें।
बैठक के बाद डीआईजी ने एसएसपी संजय कुमार वर्मा के साथ शास्त्री चौराहा से होते हुये नौरंगाबाद चौराहे तक रूट मार्च किया। उन्होंने 17 और 18 को होने वाली पुलिस आरक्षी परीक्षा की भी तैयारियों को परखा। एसपी देहात सत्यपाल सिंह, एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।