भरथना। 2023 में सिर्फ एक दिन शेष बचा है। ये साल भरथना क्षेत्र में विकास के लिए राहत भरा रहा है। ट्रेन के ठहराव के साथ ही भरथना के मुख्य मार्ग के निर्माण के साथ-साथ फायर स्टेशन की सौगात मिली है। वहीं कई कार्य शुरू तो हुए लेकिन अधूरे ही छोड़ दिए गए। क्षेत्रीय लोग इस स्टेशन पर बीकानेर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के स्टापेज की उम्मीदें लगाए है।
सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया के प्रयास से अगस्त से नगर में गोमती एक्सप्रेस का ठहराव मिल गया। साथ ही फरक्का एक्सप्रेस का ठहराव होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। भैसाई (पाली कलां) गांव में फायर स्टेशन का शुभारंभ किया गया। इसके चालू होने से भरथना समेत ताखा,बकेवर,महेवा व लखना क्षेत्र में आगजनी की सूचना पर कम समय मे दमकल मशीन उपलब्ध हो जाएगी। बहु प्रतीक्षित पाली माइनर किनारे सड़क की मांग पूरी हो गई। 700 मीटर की दूरी की सड़क जर्जर होने पर आवागमन में परेशानी होती थी। सड़क निर्माण को लेकर विधायक राघवेंद्र गौतम ने इस मुद्दे को विधान सभा में उठाया था।
-
अधूरी रहीं ये योजनाएं
-नगर के मिडिल स्कूल मैदान में पार्क निर्माण का भूमिपूजन तो कर दिया गया लेकिन बजट के अभाव में काम को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
-जिला पंचायत ने नगर में पंचायत कॉप्लेक्स के निर्माण शुरू कर दिया गया। लेकिन साल खत्म होने तक काम पूरा नहीं हो सका।
-निनावा में बन रहा एमआरएफ सेंटर का कार्य पूरा नहीं हो सका। इससे नगर में कूड़े के निस्तारण की समस्या बनी हुई है।
-
2024 में उम्मीदें
नगर के लोगों को आगामी वर्ष में बीकानेर एक्सप्रेस , जोधपुर हावड़ा सहित मुरी और महानंदा ट्रेन के स्टॉपेज की उम्मीद लगाए है। वहीं नगर में स्टेडियम व बस अड्डा बनाए जाने की मांगे लगातार उठती रही है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीपकनाथ चौधरी बद्री ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने बिना भेदभाव के विकास कार्य करवा रही है। वर्ष 2023 में भरथना क्षेत्र को विकास की सौगात मिली है,आने वाले वर्ष भी क्षेत्र का विकास होगा। पूर्व मंडल अध्यक्ष हरिओम दुबे ने बताया कि भरथना रेलवे स्टेशन पर बीते कई वर्षों से गोमती एक्सप्रेस के ठहराव की बहु प्रतीक्षित मांग पूरी हुई। साथ ही इटावा-आगरा मेमू स्पेशल ट्रेन का फफूंद तक विस्तार होने से क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिली है।
सांसद के प्रतिनिधि श्री भगवान पोरवाल ने बताया कि सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया के प्रयास से क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाएं परिलक्षित हुई है। कोरोना काल से बंद ट्रेनों के दोबारा ठहराव करवाने का प्रयास किया जा रहा है।मंडल उपाध्यक्ष पंकज दुबे ने बताया कि भाजपा सरकार में क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिला है। आने वाले वर्ष में भी क्षेत्र का चहुमुखी विकास जारी रहेगा। जो कार्य अधूरे है उन्हें वर्ष के शुरूआत में ही पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा।