बसरेहर। चौबिया थाना क्षेत्र के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उनवा संतोषपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार पलट गई। हादसे में कार सवार परिवार के छह लोग घायल हो गए जबकि ढाई माह की मासूम की मौत हो गई। कार सवार प्रतापगढ़ से गाजियाबाद जा रहे थे।
प्रतापगढ़ निवासी चालक अनुराग तिवारी परिवार के साथ गाजियाबाद में रहते हैं। उनका पैतृक घर गांव हरदई सकरा सुंदरपुर प्रतापगढ़ में है। नौ जुलाई को गांव में ही रह रहे अनुराग के बाबा का निधन हो गया था। इसके बाद 21 को गांव में ही तेरहवीं थी। इसमें शामिल होने के लिए सभी गांव गए थे।
गुरुवार को प्रतापगढ़ से अपने पिता ज्ञाननाथ, मां मीरा त्रिपाठी, बहन शालिनी पांडे निवासी सुल्तानपुर व उसकी ढाई माह की भांजी आराध्या व परिवार के राहुल और उनकी पुत्री प्रिया के साथ प्रतापगढ़ से गाजियाबाद जा रहे थे।
रास्ते में चौबिया क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 114.400 के पास गुरुवार सुबह लगभग पांच बजे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। हादसे में पूरा परिवार बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पर यूपी 112 पुलिस और यूपीडा की टीम एंबुलेंस लेकर पहुंच गई।
सभी को कार में निकालकर सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उपचार के दौरान मासूम आराध्या ने दम तोड़ दिया। इससे कोहराम मच गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम के ही बच्ची के शव को ले गए। वहीं अनुराग के पिता ज्ञाननाथ की हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें मेदांता अस्पताल ले गए हैं। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे में जान गंवाने वाली ढाई माह की मासूम आराध्या अपने ननिहाल की लाडली थी। प्रसव के समय ही अनुराग की बहन शालिनी गाजियाबाद ही रह रही थी। यहीं पर उसके बेटी आराध्या हुई थी।