इटावा। राजकीय इंटर कालेज के मैदान पर बृहस्पतिवार से दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता के पहले दिन बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता हुई। जिसे राजकीय इंटर कालेज इटावा की टीम ने 20-11 से जीता। फाइनल मैच में उसने बाबूराम सरस्वती इंटर कालेज बकेवर को पराजित किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ एसडीएम सदर राजेश कुमार वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में जनपद की 14 टीमों ने प्रतिभाग किया।
पहला मैच राजकीय इंटर कॉलेज इटावा एवं बीएस कालेज बलरई के बीच खेला गया, जिसमें राजकीय इंटर कालेज इटावा विजेता रहा। दूसरा मैच बाबूराम सरस्वती इंटर कॉलेज बकेवर एवं एसएस मेमोरियल सैफई के बीच खेला गया।
इसमें बाबूराम सरस्वती की टीम विजयी रही। तीसरा मैच पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल व नारायण कॉलेज के बीच खेला गया। जिसे नारायण कॉलेज ने जीता। चौथा मैच मैच केके इंटर कालेज व श्री बिहारी जी इंटर कॉलेज अहेरीपुर के बीच हुआ, जिसमें अहेरीपुर की टीम विजयी रही।
पहला सेमीफाइनल बाबूराम सरस्वती इंटर कालेज बकेवर एवं नारायण कॉलेज के बीच खेला गया, जिसमें बाबूराम सरस्वती इंटर कालेज बकेवर की टीम विजेता बनी।
दूसरा सेमीफाइनल राजकीय इंटर कॉलेज एवं बिहारी जी इंटर कॉलेज अहेरीपुर के बीच खेला गया, जिसे राजकीय इंटर कॉलेज जीतकर फाइनल में पहुंचा।
प्रतियोगिता संपन्न कराने में निर्णायक नरदेव आर्य, आशा वशिष्ठ, राजेश, शाहिद, हिमांशु, गोविंद, इंद्रपाल, सुशीला परम यादव का विशेष योगदान रहा।इस मौके पर वित्त एवं लेखाधिकारी मधुकर सक्सेना, डाक अधीक्षक टीपी सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक डा. मुकेश यादव, महादेव यादव, संजय शर्मा, गुफरान अहमद, उमेश यादव, शशि प्रभा, सचिन यादव, मनोज शुक्ला आदि उपस्थित रहे।
जीआईसी के प्रधानाचार्य पूरन सिंह ने अतिथियों को शॉल उड़ाकर प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया। क्रीड़ा प्रभारी सीपी सिंह ने आभार व्यक्त किया।