इटावा। सिविल सेवा की तैयारी करने के इच्छुक छात्र-छात्राओं के पास निशुल्क कोचिंग लेने का एक और मौका है। समाज कल्याण विभाग अभ्युदय के तहत 150 छात्र-छात्राओं का बैच चलाने की तैयारी में है।
शहर में अभ्युदय योजना के तहत आईटीआई में 50 छात्र-छात्राओं को निशुल्क कोचिंग दी जा रही है। हर साल बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं स्नातक उत्तीर्ण होने के बाद सिविल सर्विसेज की तैयारी करना चाहते हैं। कानपुर, कोटा, दिल्ली, लखनऊ की कोचिंग में भारी फीस और खर्च कई होनहारों का परिवार नहीं उठा पाता।
इसी को देखते हुए सरकार की ओर से अभ्युदय योजना शुरू की गई। इसके तहत मेधावी छात्र-छात्राओं को सिविल सेवा के लिए निशुल्क कोचिंग दी जा रही है। पहला बैच चल रहा है। शासन की मंशा है कि इस योजना का लाभ 150 और छात्र-छात्राओं को दिया जाए। इसके लिए समाज कल्याण विभाग ने दूसरे चरण के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है।
डिग्री कॉलेजों में किया जा रहा संपर्क
समाज कल्याण विभाग की ओर से डिग्री कॉलेजों में जाकर छात्र-छात्राओं से संपर्क किया जा रहा है। उन्हें निशुल्क कोचिंग के बारे में बताकर प्रवेश के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। जनवरी तक पूरी प्रक्रिया पूरी करके नया बैच शुरू करने की योजना है।
अभी 50 छात्र-छात्राओं का बैच चल रहा है। 150 को और प्रवेश देने के लिए प्रक्रिया जारी है। जिन छात्र-छात्राओं ने सिविल सेवा परीक्षा के लिए आवेदन किया है या स्नातक किया है और परिवार की वार्षिक आय छह लाख से कम है। वह कार्यालय से निशुल्क फार्म लेकर आवेदन कर सकते हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी की जांच के बाद प्रवेश दिया जाएगा। - ललिता यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी।