संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। सिविल लाइन पुलिस ने महिला से टप्पेबाजी कर चेन चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से सराफ को बेची गई चेन के बदले मिले एक लाख रुपये भी बरामद हुए हैं।
एसपी सिटी कपिल देव ने बताया कि 29 मई को रतनगर निवासी नीति की चेन दो आरोपी सफेद पाउडर से साफ करने के बहाने चुरा ले गए थे। जिसकी रिपोर्ट थाना पुलिस ने दर्ज कर ली थी। एसएसपी ने एसओजी और सर्विलांस की टीमों का गठन किया था। सोमवार रात पुलिस ने लाइन सफारी वीआईपी गेट के पास स्थित पुलिया चार आरोपियों कोगिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये आरोपियों ने अपना नाम रोशन, विनोद कुमार,जितेन्द्र,चंदन कुमार निवासी बहुआरा जिला बेगुसराय, बिहार हाल पता सतमाल मौहल्ला जनपद भिण्ड मध्य प्रदेश बताया है। आरोपियों के पास से बरामद हुए एक लाख रुपये के संबंध में बताया कि रतननगर से महिला की चेन बेचकर प्राप्त किए हैं। जिस सराफ को महिला की चेन बेची गई है उसकी जांच में पुलिस लगी हुई है।
आसपास के जिले में सक्रिय है बिहार का गिरोह
एसपी सिटी ने बताया कि यह गिरोह घरों में जाकर महिलाओं को निशाना बनाते हैं, उनसे सोने चांदी के आभूषणों को सफेद पाउडर से साफ करने के बहाने चुरा ले जाते हैं। यह बिहार से आकर फर्रुखाबाद,औरैया,भिंड में सस्ते कमरे किराए पर लेकर रुकते हैं। एसपी सिटी ने अपील की है कि महिलाएं इस तरह के लोगों के झांसे में आने से बचें।