इकदिल। थाना क्षेत्र अर्द्धवार्षिक परीक्षा में कम अंक आने और परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर घर से निकले कक्षा नौ के चार छात्र इकदिल पुलिस को कानपुर सेंट्रल पर सकुशल मिले। सोमवार शाम करीब चार बजे सेवन हिल्स स्कूल के चार छात्र बिना बताए घर से चले गए थे। परिजनों के अनुसार छात्र परीक्षा परिणाम को लेकर तनाव में थे और घरों से करीब डेढ़ लाख रुपये लेकर निकल गए थे। सीसीटीवी फुटेज में उन्हें शाम पाच बजे इटावा स्टेशन पर देखा गया। एसएसपी के निर्देशन में थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने सर्विलांस की मदद ली। छात्र शिवम के मोबाइल की अंतिम लोकेशन रात 10:36 बजे कानपुर सेंट्रल मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को सुरक्षित ढूंढ निकाला। मंगलवार सुबह बच्चों को परिजनों के सुपुर्द किया गया।