इटावा। सपा नेता व पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री स्व. रवींद्र उर्फ गुड्डू श्रीवास्तव के पुत्र की डेंगू से मौत हो गई। पांच दिन से बुखार आने के कारण उसकी प्राइवेट पैथोलॉजी में सोमवार को जांच कराई गई थी। वहां डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मंगलवार शाम आगरा ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
कन्हैया नगर निवासी गुड्डू श्रीवास्तव का 15 वर्षीय बेटा देव हाईस्कूल का छात्र था। घर के पास क्लीनिक चलाने वाले एक डॉक्टर ने बताया कि देव की प्राइवेट पैथोलॉजी में जांच होने के बाद डेंगू होने का पता चला। प्लेटलेट्स घटकर 20 हजार के करीब हो गईं थी। इस कारण उसे सैफई रेफर किया गया था। परिजन उसे आगरा लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी सांसें थम गईं।
बच्चे की मौत की जानकारी मिलते ही जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. लक्ष्मी कांत पांडे टीम के साथ देव के घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अंत्येष्टि से लौटे परिजन कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं। मोहल्ले में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया है। फॉगिंग कराने के लिए नगर पालिका को कहा गया है।
सात की जांच, एक में डेंगू के लक्षण
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में बुधवार को डेंगू की सात जांचें र्हुइं, इनमें एक मरीज में इसके लक्षण मिले हैं। अब तक 10 लोगों में डेंगू के लक्षण मिल चुके हैं।