इटावा। मच्छरों का प्रकोप पूरे साल ही दिखता है, लिहाजा मलेरिया रोकने के लिए फॉगिंग पूरे साल की जाएगी। स्वास्थ्य टीमें ऐसे इलाकों को चिह्नित कर रही हैं, जहां मच्छर अधिक हैं। यह बात सीएमओ डॉ. गीताराम ने मंगलवार को विश्व मलेरिया दिवस पर आयोजित संगोष्ठी में कही। इस मौके पर स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्साधिकारियों ने डेंगू और मलेरिया समाप्त करने के लिए शपथ ली।
जिला मलेरिया अधिकारी नीरज दुबे ने बताया कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर रोगी की पहचान कर रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट (आरडीटी) किट से त्वरित जांच कर रही हैं। जांच में मलेरिया मिलने पर मरीज का जल्द निशुल्क उपचार किया जाएगा। मंगलवार को सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। लोगों को डेंगू और मलेरिया से बचाव के बारे में बताया गया।
कूलर, गमला, टिन का डिब्बा, नारियल का खोल, डिब्बा, फ्रिज की ट्रे की सफाई करते रहना जरूरी है। संगोष्ठी में डॉ. बीएल संजय, डॉ. श्रीनिवास, डॉ. बलराज, डॉ.शिवचरण और मलेरिया इंस्पेक्टर आशीष राणा, नवीन सक्सेना, श्याम, सुषमा, गोपाल उपस्थित रहे।