फोटो संख्या 17 आग लगने के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
गैस चूल्हे पर लड्डू बनाते समय हुआ हादसा, बचाव में महिला के हाथ झुलसे
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। शहर के मोहल्ला घटिया अजमत अली में प्रसाद के लड्डू बनाते समय सिलिंडर में लीकेज से घर में आग लग गई। लड्डू बना रही महिला के हाथ झुलस गए। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया लेकिन, तब तक गृहस्थी का सामान जल गया।
मोहल्ला निवासी राजीव सैनी पक्का तालाब स्थित साई मंदिर के पास प्रसाद बेचते हैं। राजीव की पत्नी सन्नो देवी ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब दो बजे घर में दूसरी मंजिल पर कमरे में गैस चूल्हे पर कढ़ाई में लड्डू बनाने के लिए उसमें बेसन डाल रही थीं। तभी अचानक सिलेंडर से गैस का रिसाव हो गया और कमरे में आग लग गई।
आग ने कमरे में रखे सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से आसपास इलाके में खलबली मच गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसने आग पर काबू पाया। पीड़ित ने बताया कि आग से उसका करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।