इटावा। फर्जी बीमा पॉलिसी और बीमा की किस्त जमा कराने के नाम पर लाखों की साइबर ठगी करने के आरोप में साइबर थाना पुलिस ने तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों पर करीब ढाई से तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। साइबर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि साइबर पोर्टल पर मिली शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की गई। जांच में अशोक कुमार निवासी नगरिया जशोहन थाना जसवंतनगर, आशू निवासी बसरेहर, सोनू दुबे उर्फ विवेक कुमार निवासी अयारा बसरेहर व एक अज्ञात व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई। आरोपी लोगों को फर्जी बीमा पॉलिसी का झांसा देकर और बीमा की किस्त जमा कराने के नाम पर ठगी करते थे। इस तरीके से उन्होंने पीड़ितों से करीब ढाई से तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी की। मामले में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी जानकारी मिली है कि इनके खिलाफ अन्य जिलों और राज्यों से भी शिकायतें हो सकती हैं। पुलिस उन शिकायतों का भी सत्यापन कर रही है। (संवाद)