इटावा। महेवा विकास खंड क्षेत्र की कई सहकारी संघों पर खाद का टोटा होने से किसानों में रोष व्याप्त है। इस समय खरीफ की फसलों खासकर धान, बाजरा की रोपाई व बुआई किसान जोर शोर से कर रहे हैं। किसानों को डीएपी, यूरिया जैसी महत्वपूर्ण उर्वरक की जरूरत है। इसे लेने के लिए सहकारी संस्थानों पर भाग दौड़ कर रहे हैं।
इस बारे में घासी राम दोहरे,लगे लाल दोहरे, ध्रुव सिंह कुशवाहा, सतेन्द्र दुबे,राम प्रकाश पाण्डेय आदि किसानों ने बताया कि डीएपी व यूरिया न मिलने से काफी परेशानी हो रही है। खाद न मिलने से खरीफ की फसल कैसे तैयार होगी यह चिंता बनी हुई है।
विकास खंड क्षेत्र में महेवा,लाखी, चंदपुरा, बकेवर,लखना, जयमलपुर, निवाड़ी कला,उरैंग समेत आठ सहकारी संघ संचालित है। उरैंग को छोड़कर सभी संहकारी संंघों पर खाद की किल्लत बनी हुई है। महेवा एवं लाखी सहकारी संघ के सचिव रामवीर सिंह यादव ने बताया वह दोनों सहकारी संघ की लिमिट बनाकर जिला सहकारी बैंक को भेज चुके हैं। जिला सहकारी बैंक से लिमिट पास न करने की वजह से खाद की आवक नहीं हो सकी है। इस वजह से खाद की किल्लत बनी हुई है।
.................................