फोटो संख्या 14 ब्रह्मकांत की फाइल फोटो।
फोटो संख्या 15 जिला अस्पताल में घायल महिला का इलाज करते डॉक्टर। संवाद
बाइक से बेटी को परीक्षा दिलाने जा रहे थे, हाईवे पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
इकदिल। थाना क्षेत्र के आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में विवाहित बेटी को स्नातक की परीक्षा दिलाकर लौट रहे बाइक सवार पिता की मौत हो गई। महेवा से एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे भाजपा जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने हादसे के बाद हाईवे पर पड़े पिता, बेटी और बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
चकरनगर के गांव नौगावां के रहने वाले ब्रह्मकांत उर्फ कुलदीप (45) पुत्र श्यामसुंदर मायके आई विवाहित बेटी शानू पत्नी रामजी निवासी हीरापुर थाना अजीतमल औरैया को बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा दिलवाने के लिए बाबरपुर के रतनपुर गढ़ियां गए थे। वहां से वह शहर में किसी काम से आ रहे थे।
साथ में 12 वर्षीय पुत्र ईशू भी था। नेशनल हाईवे पर इकदिल कस्बे में बकेवर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित होकर कर रोड पर गिर पड़ी। हादसे में बाइक सवार पिता ब्रह्मकांत, बेटी शानू व बेटा आयुष घायल हो गए।
महेवा के सिंगौली में आयोजित सांसद के मिनी सचिवालय के उदघाटन कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे भाजपा जिला महामंत्री अन्नू गुप्ता, शिवांकांत चौधरी व जिला मंत्री जितेंद्र गौड़ ने तीनों को घायल अवस्था में पड़ा देखा तो अपनी कार रोककर पुलिस को हादसे की सूचना दी।
तीनों घायलों को ऑटो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने ब्रह्मकांत को मृत घोषित कर दिया। मृतक के छोटे भाई मंगल शुक्ला ने बताया कि भाई बेटी को परीक्षा दिलाकर इटावा किसी काम से जा रहे थे। तभी रास्ते में कार ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौत हो गई। मृतक खेतीबाड़ी करता था।