जसवंतनगर। ग्राम नगला रामजीत में खेत की रखवाली करने गए किसान का शव खेत में पड़ा मिला। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम नगला रामजीत निवासी अमित कुमार ने बताया कि उनका भाई अनिल कुमार (45) चार जून को घर से खेत की रखवाली करने के लिए गया था। इसके बाद घर नहीं लौटा। शनिवार को जब परिजन खेत पर पहुंचे तो अनिल कुमार का शव खेत में पड़ा मिला। अत्यधिक गर्मी के कारण शव काला पड़ गया था। एसओ कमल भाटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया लू लगने से मौत की आशंका है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।